जिजीविषा यह मुख्यतः संस्कृत शब्द है जिसका प्रयोग हिंदी भाषा में कई बार होता है। इस शब्द का अर्थ अत्यंत विशाल एवं प्रेरक है।
जिजीविषा से तात्पर्य जीने की प्रबल इच्छा से है। इसमें जीवन है, इच्छा है, और प्रबलता है।
यहां जि का अर्थ जिज्ञासा या उत्सुकता, जी का अर्थ जीवन तथा विषा का अर्थ इच्छा या आकांक्षा से है।
अर्थात् जिजीविषा का अर्थ है कि किसी व्यक्ति /वस्तु /जीव के प्रति प्रेम या किसी मोह वश जीने की प्रबल आकांक्षा / इच्छाशक्ति से होता है जो किसी को भी जीवन के प्रति प्रेम की जिज्ञासा को उत्पन्न करती है।
अब विमर्श करते हैं कि जिजीविषा की वृद्धि हेतु हम इन तीन तत्वों को किस प्रकार प्रभावित कर सकते हैं।
जि-जिज्ञासा आत्मगत अनुभूति एवं व्यवहार है जो स्वतःस्फूर्त होता है अर्थात जीव के मूल स्वभावन्तर्गत है। इसमें सकारात्मक परिवर्तन हेतु हमें अपनी चेतना को समझने का प्रयास करना होगा। चिंतन, मनन, योग अर्थात एकांतिक अनुभूति से आत्म चेतना का संवर्धन किया जा सकता है।
जी-जीवन ईश्वर प्रदत्त है जिसका आरम्भ प्रकृति ही कर सकती है, यह अभी जीव के ज्ञात शक्तियों के अतिरिक्त प्रक्रिया है। इस जीवन के लिए हमें ईश्वर, माता एवं पिता का आभारी होना चाहिए एवं प्रतिदिन अपनी कृतज्ञता प्रदर्शित करनी चाहिए। हमें अपने जीवन से प्रेम करना सीखना होगा।
विषा-इच्छा या आकांक्षा वातावरण से प्रभावित होता रहता है। इस तत्व को परिवार, समाज, मित्र, शिक्षक, एवं शासक प्रभावित करते हैं। इसमे हमारा दायित्व अन्य के प्रति होता है, हम दूसरों (संबंधी, मित्र, सहकर्मी इत्यादि) को यह जरूर बताएँ कि उनका जीवन बहुमूल्य, अद्वितीय एवं अपार सम्भावनाओं से परिपूर्ण है। जब तक वह परिपूर्णता प्राप्त नहीं होती है तब तक उन्हें प्रयासरत रहने को प्रेरित करते रहें। इस सत्कर्म हेतु धन नहीं मन निवेश करें।
ॐ सर्वे भवन्तु सुखिनः
सर्वे सन्तु निरामयाः ।
सर्वे भद्राणि पश्यन्तु
मा कश्चिद्दुःखभाग्भवेत् ।
ॐ शान्तिः शान्तिः शान्तिः ॥
:-डैशत्व अनुभूति