Wednesday, June 17, 2020

गुलाबो सिताबो के बरक्श


लोग अपना पूरा जीवन किसी वस्तु को प्राप्त करने में लगा देते हैं और अंत में हासिल क्या होता है, और अगर हासिल हो भी तो क्या होता है! क्यूं मनुष्य भविष्य की आशा से वक्त को माज़ी बनने और निराश होने को अभिशप्त हो जाता है? इस सबके बीच, हमारा मूलधन, हमारा वर्त्तमान हमारे हाथ से फिसलता जाता है। 

भूतकाल बीत चुका है, माज़ी है, बदल नहीं सकते हैं, हम अच्छी यादें रखें या बुरी, हमारा फ़ैसला होता है। फ़िर भविष्य तो शहंशाहों का भी नहीं हुआ तो हमारा आपका क्या ख़ाक होगा!

है क्या फिर अपने पास, शायद आज, अभी, आती जाती सांसें, मुस्कुराहट, जो है उसका आनंद, अभय! आज-अभी के लिए मैं अमर हूँ, आज के बाद का पता नहीं, अभी का समय मेरा है और यह कोई छीन नहीं सकता है।

चीटियाँ, गिलिहरियाँ जैसे छोटे जीव भी आसन्न हेतु कुछ उपार्जित रखते हैं जो मनुष्य को भी रखना चाहिए परंतु आसन्न के लिए, पूरे जीवन वा पीढ़ियों के लिए नहीं! फिर तो आप भविष्य के ग़ुलाम हो जाएंगे।

जियो, यह जीवन ही सबसे बड़ा धन है। इस धन से किसी का भला करो अपने साथ-साथ। अपने धन (अपना आज) की परवाह करो।

:-डैशत्व ज्ञान

Saturday, May 16, 2020

जिजीविषा

जिजीविषा यह मुख्यतः संस्कृत शब्द है जिसका प्रयोग हिंदी भाषा में कई बार होता है। इस शब्द का अर्थ अत्यंत विशाल एवं प्रेरक है।

जिजीविषा से तात्पर्य जीने की प्रबल इच्छा से है। इसमें जीवन है, इच्छा है, और प्रबलता है।

यहां जि का अर्थ जिज्ञासा या उत्सुकता, जी का अर्थ जीवन तथा विषा का अर्थ इच्छा या आकांक्षा से है।

अर्थात् जिजीविषा का अर्थ है कि किसी व्यक्ति /वस्तु /जीव के प्रति प्रेम या किसी मोह वश जीने की प्रबल आकांक्षा / इच्छाशक्ति से होता है जो किसी को भी जीवन के प्रति प्रेम की जिज्ञासा को उत्पन्न करती है।

अब विमर्श करते हैं कि जिजीविषा की वृद्धि हेतु हम इन तीन तत्वों को किस प्रकार प्रभावित कर सकते हैं।

जि-जिज्ञासा आत्मगत अनुभूति एवं व्यवहार है जो स्वतःस्फूर्त होता है अर्थात जीव के मूल स्वभावन्तर्गत है। इसमें सकारात्मक परिवर्तन हेतु हमें अपनी चेतना को समझने का प्रयास करना होगा। चिंतन, मनन, योग अर्थात एकांतिक अनुभूति से आत्म चेतना का संवर्धन किया जा सकता है।

जी-जीवन ईश्वर प्रदत्त है जिसका आरम्भ प्रकृति ही कर सकती है, यह अभी जीव के ज्ञात शक्तियों के अतिरिक्त प्रक्रिया है। इस जीवन के लिए हमें ईश्वर, माता एवं पिता का आभारी होना चाहिए एवं प्रतिदिन अपनी कृतज्ञता प्रदर्शित करनी चाहिए। हमें अपने जीवन से प्रेम करना सीखना होगा।

विषा-इच्छा या आकांक्षा वातावरण से प्रभावित होता रहता है। इस तत्व को परिवार, समाज, मित्र, शिक्षक, एवं शासक प्रभावित करते हैं। इसमे हमारा दायित्व अन्य के प्रति होता है, हम दूसरों (संबंधी, मित्र, सहकर्मी इत्यादि) को यह जरूर बताएँ कि उनका जीवन बहुमूल्य, अद्वितीय एवं अपार सम्भावनाओं से परिपूर्ण है। जब तक वह परिपूर्णता प्राप्त नहीं होती है तब तक उन्हें प्रयासरत रहने को प्रेरित करते रहें। इस सत्कर्म हेतु धन नहीं मन निवेश करें।

ॐ सर्वे भवन्तु सुखिनः
सर्वे सन्तु निरामयाः ।
सर्वे भद्राणि पश्यन्तु
मा कश्चिद्दुःखभाग्भवेत् ।
ॐ शान्तिः शान्तिः शान्तिः ॥

:-डैशत्व अनुभूति

Thursday, March 26, 2020

मनुष्य का वर्गीकरण

वर्गीकरण की प्रथा ब्रह्माण्ड के आविर्भाव से साथ ही प्रारंभ हुई होगी।
सबसे पहले हुई होगी जीव वर्ग एवं निर्जीव वर्ग।
जीव वर्ग का विभाजन चर एवं अचर में हुआ होगा।
चर के विभाग हुए होंगे मनुष्य एवं पशु में। मनुष्य के दो वर्ग हुए, पुरुष और स्त्री। पुरुष का वर्गीकरण हुआ होगा शक्तिशाली एवं अशक्त में। शक्तिशालियों में दो वर्ग बने -पूज्य एवं पूजक। मनुष्यों को पुनः वर्गीकृत किया गया होगा-आस्तिक एवं नास्तिक में। उसके बाद हुआ सवर्ण (ब्राह्मण, क्षत्रिय एवं वैश्य) एवं अवर्ण (शुद्र)। इसी समय शासक एवं शासित वर्ग बने। इस शासन व्यवस्था को अक्षुण्ण बनाने के लिए धर्म की स्थापना हुई होगी। अर्थात स्वधर्मी और विधर्मी। फिर पूंजी व्यवस्था का प्रादुर्भाव हुआ और दो वर्ग बने-पूंजीपति और श्रमिक। इन्हें फिर से शासक, उच्च वर्ग और निम्न वर्ग बनाया गया। फिर प्रजातंत्र आया और उसने निम्न वर्ग से एक और विभाजन किया- मध्यम वर्ग। निम्न वर्ग एवं मध्यम वर्ग की अधिक संख्या के कारण, प्रजातंत्रिकों ने दलित वर्ग निश्चित किया। दलित में फिर से महादलित।

भाई इस प्रक्रिया में मनुष्य कहाँ छूट गया। मनुष्य के दो ही वर्ग हैं-ज्ञानी एवं अज्ञानी (शिक्षित व अशिक्षित नहीं, क्योंकि शिक्षा शासन व्यवस्था के अनुसार बनाई गई है जबकि ज्ञान प्राकृतिक है)। अज्ञानी के भी दो वर्ग हैं-एक जिसे पता है कि वो अज्ञानी है दूसरा जिसे अपने अज्ञान का बोध भी नही है।

मनुष्य का उद्देश्य, ज्ञान के लिए प्रयास करना है।

करुणा का ह्रास एवं कोरोना उदय



करुणा मानवीय मूल्य के रूप में हर सामाजिक एवं धार्मिक विचारों के केंद्र में रहा है केवल बाजार आधारित आर्थिक विचार को छोड़कर। बाजार व्यवस्था के प्रसार काल में करुणा, मानव के जीवन से विलुप्त हो गया। कहीं कहीं किसी संदर्भ में करुणा का स्थान दया ने लिया, लेकिन वह भी प्रदर्शन रूप में। करुणा एवं दया में मूलभूत अंतर श्रेष्ठत्व है। दया में कर्ता श्रेष्ठ है, करुणा में श्रेष्ठ वा लघु का भाव ही नहीं होता है। इतिहास में करुणा राजधर्म में भी एक स्तम्भ होता था जबकि आज के शासन एवं व्यापार व्यवस्था में दया भी कहीं कहीं ही दिखता है। करुणा प्रेरित कर्म में लाभुक को लघुता का बोध नही है, करुण भाव के लिए सामर्थ्य की आवश्यकता नही है लेकिन दया कर्म में कर्ता श्रेष्ठ, एवं समर्थ है और लाभुक दीन। कृष्ण, सुदामा के लिए करुण हैं। सर्वशक्तिमान करुण हैं। कष्ट में पड़े भक्त का भाव कातर है। पुरानी शासन व्यवस्था में शासक करुण है, वणिक महत्वपूर्ण है परंतु सीमित प्रभाव में है। नई व्यवस्था में वणिक ही शासक है और Corporate Social Responsibility के नाम पर 2% दया प्रदर्शित करता है।

बाजार आधारित अर्थव्यवस्था से करुणा की संभावना शून्य है एवं दया भी अत्यंत न्यून भाव है जिसका उपयोग मूलतः प्रचार के लिए किया जाता है।

प्रकृति करुण है, वह देता ही रहता है, कोई प्रतिदान नही मांगता है। लेकिन मनुष्य बाजार के प्रभाव में कृतघ्न हो गया है जिसने प्रकृति का अधिकाधिक दोहन किया।

प्रकृति जो मूलतः करुण है दोहन के उपरांत कातर हुई और अब मनुष्यों के कृतघ्नता के कारण विनाश के कगार पर आकर क्रोधित हो गई। कोरोना भी एक प्राकृतिक क्रोध है जो बाजार व्यवस्था को अंत करने में सक्षम हो सकता है।

अगर मनुष्य ने प्रकृति के साथ करुणा का सामंजस्य नही बिठाया तो यकीनन प्रकृति कोरोना जैसे रूप में प्रकट होकर अपना क्रोध प्रकट करेगी ।

Sunday, March 15, 2020

कल्कि अवतार?

Corona या कल्कि अवतार ?

बचपन से बताया गया कि विष्णु के दशम एवं अंतिम अवतार कल्कि अवतार होंगे जो इसी कलियुग में होना है।

अब जब जब विष्णु का अवतार हुआ है तब तब युगांतकारी परिवर्तन हुए हैं। 

अभी corona ने युगांतकारी परिवर्तन की प्रक्रिया को शुरू कर चुका है, बानगी देखिये :

1. महाशक्तिशाली देश के प्रमुख अपने धर्म के अनुरूप अभिवादन छोड़ कर सनातन सभ्यता का कर प्रणाम अभिवादन शुरू कर चुके हैं।

2. विश्व की सबसे ज्यादा विकसित देशों में रात्रीजीवन पर पूर्ण विराम लग गया है।

3. विश्व की दूसरी शक्तिशाली देश के प्रमुख एवं नागरिक एक आरोग्य संस्थान के बंद करने पर अत्यंत हर्षित हुए।

4. लोग अनावश्यक यहाँ वहाँ जाना बंद कर चुके हैं। बाजार में आवश्यक वस्तुओं के अतिरिक्त अन्य वस्तुओं की खरीद लगभग खत्म हो चुकी है। मनोरंजन स्थल वीरान सुनसान हो चुके हैं। समूह क्रीड़ा व्यक्तिगत साधना में बदल गयी है।

5. सभी लोग अपने परिवार को अधिक से अधिक समय दे रहे हैं।

6. पुस्तक पढ़ने की प्रवृति में जबरदस्त उछाल।

7. मांसाहार का त्याग।

8. शोर शराबे, उत्सव, प्रदर्शन में भारी गिरावट

और भी बहुत कुछ, हमलोग कहीं सतयुग की तैयारी में तो नही...

डैश त्व विचार

डैश त्व ज्ञान- मित्रता में स्वार्थ

बात उन दिनों की है जब डॉक्टर ने मुझे स्वास्थ्य संबंधित कारणों से प्रतिदिन दोपहर भोजन करने का निर्देश दिया जिसे मेरी अर्धांगिनी ने काफी गंभीरता से ग्रहण किया था। अब मेरी समस्या थी कि दिन में दो बार के बजाय तीन बार ऐसा भोजन ग्रहण करना था जिसे स्वाद संबंधित  कारणों से मैं एक बार भी भक्षण नहीं करना चाहता था। मैंने इस दोपहर भक्षण कार्य हेतु अपने कार्यालय के संदेशवाहक को दायित्व सौंपा। पर हाय रे दुर्भाग्य, एक दो दिनों के बाद उसने इस दायित्व को सज़ा मानते हुवे इसमे मुझे बिना सूचित किये चूक कर दी और रात्रिकाल डब्बा वापस आने पर मैं पकड़ा गया और मेरी लानत-मलामत हो गई। अब अगले दिन से मुझे सख्त ताईद की गई ऐसी गुस्ताखी फिर ना हो।

तब मैंने कार्यालय में lunch club की स्थापना अपने कुछ मित्रों के साथ की और भोजन के समय, अपना डब्बा खोलकर दुसरों के डब्बों पर हमला करने लगा। अंत में सभी के सहयोग से मेरा डब्बा भी खाली हो जाया करता है। यह कार्य आज दस वर्षों बाद तक अनवरत रूप से चालू है भले इस बीच मेरा स्थानांतरण पांच अलग अलग जगहों पर हुआ। हर जगह lunch club स्थापना का श्रेय मुझे प्राप्त है, हालांकि मूल उद्देश्य बहुत कम लोगों को ज्ञात है। मैंने इस हेतु किसी को असत्य नहीं कहा लेकिन सत्य भी केवल जिज्ञासुओं को ही ज्ञात हुआ।

इन अवसरों पर मैने महसूस किया कि जो भोजन मुझे प्रिय नही था वह भी किसी अन्य को अधिकांश प्रिय लगता था और इस प्रकार एक और एक मिलकर दो से अधिक संतुष्टि होती थी।

अगर सामूहिक संतुष्टि का स्तर, व्यक्तिगत संतुष्टि के योग से अधिक होता है तो यह उचित है या अनुचित। मेरे अनुभव से सर्वथा उचित एवं स्वीकार्य।

क्या मित्रता एक ऐसा ही lunch club नही है। यह तो हमें प्रार्थना तक करवाता है कि मित्र सुरक्षित रहे, प्रगति करे, प्रसन्न हो ताकि समय परने पर मेरे कुछ दुख ले सके और हम उसके सुख का एक-दो कौर प्राप्त करें।

स्वार्थ सर्वथा गलत नहीं होता, मात्रा स्वार्थ की कम से कम हो। सत्य बोलें ना बोलें, असत्य कभी न बोलें।

डैश त्व ज्ञान

डैश त्व ज्ञान-शाम का जागा

एक बार दिन में सोया तो धुंधलके में सो के उठा, लगा सुबह हो गई। अब समय बीतने के साथ आशा हो रही थी कि प्रकाश बढ़ेगा लेकिन वह था कि घटता जा रहा था। आशा के विपरीत होने के कारण निराश घर करने लगी। अकेला रहता था इसलिए यह महसूस करने में काफी समय लग गया कि सुबह नही बल्कि शाम से रात हो रही थी। यह समयांतराल लगभग एक घंटे रहा होगा। उस दरम्यान ना तो मैं सुबह के लिए निश्चित कार्य कर पा रहा था ना शाम के निर्धारित कार्य। बाद में याद आया कि बचपन कहा जाता था कि दिवस के अवसान होने के समय नही जगाना चाहिए।

खैर वो चाहे जो हो, एक बात पता चला कि अगर मन के आशा के विपरीत जीवन मे कुछ घटित हो रहा हो और कारण स्पष्ट ना हो रहा हो तो मन कितना उद्विग्न हो जाता है। कैसे कैसे निराशाजनक विचार आने लगते हैं।

ऐसे समय मे अगर संभव हो तो थोड़ा और सो लेना चाहिए या शांतचित्त हो कर स्थितप्रज्ञ हो जाना चाहिए क्योंकि धुंधलके को सुबह समझकर अगर उसके निमित्त आप कार्य करेंगे तो निश्चित ही वह अनुरूप फलदायी नही होगा। अध्ययन भी एक विकल्प है क्योंकि यह कभी भी किया जा सकता है।

जीवन में भी कई बार हम ऐसे समय से गुजरते हैं जब पूर्ण समर्पण से कार्य करने पर भी उचित फल प्राप्त नही हो पाता है। कहीं इसलिए तो नही कि हम शाम के धुंधलके में उठे हैं और थोड़े विश्राम,  अध्ययन वा शांतचित्त होने की आवश्यकता है।

आपका सत्य अन्तोगत्वा आपका सत्य है, सार्वभौमिक सत्य उसे क्यों माना ही जाय। दूसरे के सत्य का भी आदर करें।

डैश त्व ज्ञान