Sunday, March 15, 2020

डैश त्व ज्ञान- मित्रता में स्वार्थ

बात उन दिनों की है जब डॉक्टर ने मुझे स्वास्थ्य संबंधित कारणों से प्रतिदिन दोपहर भोजन करने का निर्देश दिया जिसे मेरी अर्धांगिनी ने काफी गंभीरता से ग्रहण किया था। अब मेरी समस्या थी कि दिन में दो बार के बजाय तीन बार ऐसा भोजन ग्रहण करना था जिसे स्वाद संबंधित  कारणों से मैं एक बार भी भक्षण नहीं करना चाहता था। मैंने इस दोपहर भक्षण कार्य हेतु अपने कार्यालय के संदेशवाहक को दायित्व सौंपा। पर हाय रे दुर्भाग्य, एक दो दिनों के बाद उसने इस दायित्व को सज़ा मानते हुवे इसमे मुझे बिना सूचित किये चूक कर दी और रात्रिकाल डब्बा वापस आने पर मैं पकड़ा गया और मेरी लानत-मलामत हो गई। अब अगले दिन से मुझे सख्त ताईद की गई ऐसी गुस्ताखी फिर ना हो।

तब मैंने कार्यालय में lunch club की स्थापना अपने कुछ मित्रों के साथ की और भोजन के समय, अपना डब्बा खोलकर दुसरों के डब्बों पर हमला करने लगा। अंत में सभी के सहयोग से मेरा डब्बा भी खाली हो जाया करता है। यह कार्य आज दस वर्षों बाद तक अनवरत रूप से चालू है भले इस बीच मेरा स्थानांतरण पांच अलग अलग जगहों पर हुआ। हर जगह lunch club स्थापना का श्रेय मुझे प्राप्त है, हालांकि मूल उद्देश्य बहुत कम लोगों को ज्ञात है। मैंने इस हेतु किसी को असत्य नहीं कहा लेकिन सत्य भी केवल जिज्ञासुओं को ही ज्ञात हुआ।

इन अवसरों पर मैने महसूस किया कि जो भोजन मुझे प्रिय नही था वह भी किसी अन्य को अधिकांश प्रिय लगता था और इस प्रकार एक और एक मिलकर दो से अधिक संतुष्टि होती थी।

अगर सामूहिक संतुष्टि का स्तर, व्यक्तिगत संतुष्टि के योग से अधिक होता है तो यह उचित है या अनुचित। मेरे अनुभव से सर्वथा उचित एवं स्वीकार्य।

क्या मित्रता एक ऐसा ही lunch club नही है। यह तो हमें प्रार्थना तक करवाता है कि मित्र सुरक्षित रहे, प्रगति करे, प्रसन्न हो ताकि समय परने पर मेरे कुछ दुख ले सके और हम उसके सुख का एक-दो कौर प्राप्त करें।

स्वार्थ सर्वथा गलत नहीं होता, मात्रा स्वार्थ की कम से कम हो। सत्य बोलें ना बोलें, असत्य कभी न बोलें।

डैश त्व ज्ञान

No comments:

Post a Comment